महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नेपाल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तीर्थयात्रियों से भरी एक जिप्सी 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के 2 तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए।
प्यूछान जिले में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नेपाल के प्यूछान जिले में 23 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे हुआ। वाहन में सवार सभी यात्री महराजगंज जिले के अलग-अलग गांवों से तीर्थ यात्रा पर निकले थे।
प्रशासन ने तत्काल संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। घायलों को सोनौली बॉर्डर के रास्ते भारत लाया गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
9 एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
24 अप्रैल की सुबह पुलिस और प्रशासन की मदद से 9 एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रहने दी जा रही है।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में ग्राम सेमरा राजा निवासी निर्मला (32) पत्नी करन नाथ और काव्या (5) पुत्री करन नाथ की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
इस दुखद हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
