बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बरहज मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मृत कृषक-श्रमिक गंगेश पटेल के अत्यंत निर्धन परिवार को सरकारी योजनाओं का तत्काल लाभ दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने उपजिलाधिकारी बरहज को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम महुई कुंवर, ग्राम पंचायत हरनाडीह उर्फ महुई बरसात निवासी गंगेश पटेल की 19 अगस्त 2026 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके परिवार में पत्नी कविता खरवार और दो नाबालिग पुत्र शिवम पटेल व शिवांग पटेल हैं। परिवार के सामने आजीविका चलाने, बच्चों की शिक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि सरकार गरीब और दुर्घटना पीड़ित परिवारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन इन योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समय से पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार को योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़े, यह व्यवस्था की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है।उन्होंने उपजिलाधिकारी से मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा/बाल कल्याण योजना, निराश्रित महिला पेंशन सहित राशन, आयुष्मान कार्ड, आवास, छात्रवृत्ति और श्रम विभाग की पात्र योजनाओं का लाभ परिवार को तत्काल दिलाने की मांग की।कुशवाहा ने कहा कि दोनों नाबालिग बच्चों के भविष्य को देखते हुए प्रशासन को प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल कागजों पर उपलब्धियां दर्ज करना नहीं, बल्कि संकट में फंसे परिवारों तक वास्तविक सहायता और सुरक्षा पहुंचाना है।ज्ञापन के दौरान श्रवण कुमार पटेल, अभय कुमार, महेश पटेल, बलवंत पटेल, प्रदीप पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।