पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्रों के नाम हटाने में सहयोग का आह्वान

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा ने की। इस दौरान निर्वाचक नामावली एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन में कुल 3,433 मतदाताओं में से 946 मतदाताओं के नाम अथवा विवरण में संशोधन किया गया है। वर्तमान में निर्वाचक नामावली में किसी भी मतदाता का परिवर्धन अथवा विलोपन नहीं किया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने स्तर पर निर्वाचक नामावली का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने में आवश्यक सहयोग किया जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।बैठक में 01 नवंबर 2025 को आधार मानकर तैयार की गई निर्वाचक नामावली के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शिकायत एवं आपत्तियों की जानकारी ली गई। उपस्थित प्रतिनिधियों ने किसी प्रकार की शिकायत अथवा आपत्ति नहीं होने की जानकारी दी।वैभव मिश्रा ने कहा कि निर्वाचक नामावली की शुद्धता स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दल आपसी समन्वय से कार्य करें।बैठक में आम आदमी पार्टी के नूरूल हुदा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम अवध यादव व गौरी शंकर उर्फ बबलू जायसवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक चुनाव प्रबंधन केशव नाथ उपाध्याय, कांग्रेस प्रतिनिधि देश दीपक मिश्रा, कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के अयोध्यालाल श्रीवास्तव और बहुजन समाज पार्टी के सुभाष भास्कर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।