शिकारपुर तिराहे के पास हुआ हादसा, पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। घुघली थाना क्षेत्र के शिकारपुर तिराहे के समीप घुघली मोड़ पर रविवार को मोटरसाइकिल और सोनालिका ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।घायल की पहचान आलोक पटेल निवासी बघाड़, थाना चौरीचौरा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि आलोक मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान शिकारपुर तिराहे के पास घुघली मोड़ पर उसकी बाइक सामने से आ रहे सोनालिका ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही एसआई अभिजीत राय और कांस्टेबल सौरभ यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर का संबंध बैरिया, पुरैना निवासी भट्ठा मालिक शेषनाथ मोदनवाल से बताया जा रहा है। पुलिस वाहन और चालक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायल युवक का गोरखपुर में उपचार चल रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।