
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आधार कार्ड से जुड़े काम के लिए अब लोगों को अलग-अलग केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खलीलाबाद में UIDAI आधार सेवा केंद्र शुरू हो गया है, जहां आधार नामांकन से लेकर नाम, पता, जन्मतिथि और बायोमैट्रिक अपडेट समेत विभिन्न सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आधार सेवा केंद्र के प्रबंधक महेंद्र यादव के अनुसार केंद्र बड़गो (खटौली), मेंहदावल रोड, जिला अस्पताल के पास, खलीलाबाद में संचालित है। यहां बच्चों और वयस्कों के आधार नामांकन, आधार में जानकारी अपडेट कराने, आधार प्रिंट तथा बायोमैट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध है। नाम, जन्मतिथि, लिंग और पता समेत अन्य विवरणों में सुधार भी कराया जा सकता है।
केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगा। यहां प्रतिदिन 300 से अधिक लोगों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने की क्षमता है। इससे आधार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी।
प्रबंधक ने बताया कि आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए अनुरोध मिलने पर केंद्र की ओर से विभिन्न स्थानों पर कैंप भी लगाए जाते हैं।