बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
अपराध और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना नरही पुलिस ने भारी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक ट्रक से लगभग 9086.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई थाना नरही क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। 18 जनवरी देर रात को थानाध्यक्ष नरही वीरेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ उजियार घाट कोरण्टाडीह क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रक (रजि. नं. NL01AB6544) गाजीपुर की ओर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए बिहार की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है तथा बक्सर बॉर्डर पर चेकिंग बढ़ने के कारण रास्ता बदलकर बलिया की ओर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तुरंत पुलिस टीम के साथ कार्रवाई शुरू की और ट्रक का पीछा करते हुए सोहांव पेट्रोल पंप के पास उसे रोक लिया गया। जाँच के दौरान ट्रक में 110 बंडल अंडे के गत्तों की आड़ में छिपाकर रखी बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस द्वारा की गई गणना में कुल 9086.4 लीटर शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने आरोपी अचला राम पुत्र भगवाना राम, निवासी मिठी बेरी, गोलिया जैतमाल, जिला बाड़मेर (राजस्थान), उम्र लगभग 27 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने शराब की खेप को बिहार पहुँचाने की बात कबूल की है। पुलिस अनुमान लगा रही है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना नरही में मु.अ.सं. 06/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गहन जांच जारी है। इस बड़ी सफलता ने अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस की सतर्कता तथा त्वरित कार्रवाई की सराहना क्षेत्र में हो रही है।
