महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सिरसिया के पास स्थित नेशनल हाईवे 730 पर शुक्रवार रात लगभग 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छोटी बसहिंया की ओर से तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान सिरसिया निवासी इकरार पुत्र हजरत अली के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर लगते ही इकरार कई फीट दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता की मिसाल पेश की और बिना समय गंवाए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की संभावना भी जताई गई है।
सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त चार पहिया वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि एनएच-730 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने हाईवे पर स्पीड कंट्रोल, नियमित चेकिंग और सख्त यातायात निगरानी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और दोषी चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
एनएच-730 पर तेज रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक गंभीर, चालक फरार
RELATED ARTICLES
