संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मेहदावल स्थित मुहल्ला चौबेडिहवा के पास बीच सड़क पर दबंगों ने बहन की शादी का सामान खरीदने आए युवक और उसके साथी पर लोहे की पाइप व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हमलावर शादी का सामान सोने की सीकड़, अंगूठी, झाला और कपड़े लूटकर फरार हो गए।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए युवक को भी नहीं बख्शा गया और महिलाओं पर भी ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दबंग पहले से घात लगाकर बैठे थे और मौके पर पहुंचते ही हमला कर दिया।
घायल युवक की बहन की शादी 7 मई को होनी है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन थाने पहुंचकर रो-रोकर न्याय की गुहार लगाते रहे।
घायल के भाई इंद्रेश ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
