एडीएम रजनीश मिश्रा ने किया औचक निरीक्षण
शाहजहांपुरl(राष्ट्र की परम्परा)l जनपद में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश मिश्रा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें सुचारु रूप से परीक्षा देने का अवसर मिले।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। एडीएम रजनीश मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी और सजगता के चलते परीक्षा प्रक्रिया पूरे जनपद में शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संचालित होती रही।
