बलिया(राष्ट्र की परम्परा) । बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहां बेटी की शादी से ठीक दो दिन पहले पिता का अचानक निधन हो जाने से खुशियों भरा घर मातम में बदल गया। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर तीन निवासी राजेंद्र जायसवाल शनिवार की शाम अपने घर के बाथरूम में अचानक गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दुसरे उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि राजेंद्र जायसवाल की बेटी की शादी 9 मार्च को तय थी। घर में कई दिनों से शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर मे हल्दी की रस्म होनी थी, जिसके लिए घर में खुशी और उत्साह का माहौल था। आंगन में मंडप सज चुका था और रिश्तेदारों का आना-जाना भी शुरू हो गया था।
परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में व्यस्त थे और राजेंद्र जायसवाल भी अपनी बेटी की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे। वे खुद हर छोटी-बड़ी तैयारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। लेकिन शनिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने और गिरने के बाद जब उनके निधन की दूसरे दीन खबर फैली, तो खुशियों से गूंज रहा घर पल भर में सिसकियों से भर गया।जिस आंगन में कुछ देर पहले हल्दी की रस्म की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब शोक का माहौल छा गया। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने लगे। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। बेटी की शादी के ठीक पहले पिता के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
