बस्ती (राष्ट्र की परम्परा)। विकास भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनपद में नहरों के संचालन, किसानों की समस्याओं, नलकूपों की स्थिति तथा कृषि विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण नहरों में जल उफान की स्थिति बन रही है। ऐसे में नहरों में होने वाले रिसाव और अवैध कट को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि सिंचाई के पानी का अनावश्यक बहाव न हो। उन्होंने सरयू नहर खंड-4 के अधिशासी अभियंता एवं नोडल अधिकारी को सभी नहरों की सतर्कता से निगरानी करने तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए।अधिशासी अभियंता/नोडल दिनेश मोहन ने बताया कि सरयू नहर खंड-4 के अंतर्गत संतकबीरनगर में 1050 क्यूसेक और बस्ती में 430 क्यूसेक पानी पहुंचाया जा रहा है। कुल 93 टेल पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।बैठक में विधायक प्रतिनिधि रुधौली कुलदीप मौर्य ने सूरतगढ़ और शुमाली माइनर में पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाया। इस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि सहायक अभियंता के निर्देशन में गठित टीम 10 सितंबर को दोनों माइनरों का निरीक्षण करेगी और समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाबचंद सोनकर ने अधिशासी अभियंता नलकूप के बैठक में स्वयं उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में संचालित परियोजनाओं पर हुए व्यय की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। सहायक अभियंता नलकूप ने सूची जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बताया गया कि जनपद में कुल 668 नलकूपों में से पांच यांत्रिक दोष और चार विद्युत दोष के कारण बंद हैं, जबकि 659 नलकूप संचालित हैं। बंद नलकूपों को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जा रही है।उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि किसानों को तोरिया, चना, गेहूं और मटर के बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। किसान 30 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पात्र किसानों को लक्ष्य के अनुसार सब्सिडी वाले बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्धारित शुल्क पर भी पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध रहेगा।जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने बताया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक सरकारी अनुदान दिया जा रहा है। बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-4 विजय कुमार आर्य ने किया।इस दौरान सदर विधायक प्रतिनिधि मो. सलीम, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, वन विभाग के रेंजर शकील अहमद, दुर्गेश श्रीवास्तव सहित विद्युत, भूगर्भ जल, गन्ना और बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।