हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, घायलों को जिला अस्पताल रेफर
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकंदरपुर-नगरा मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार बोलोरो और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद बोलोरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सरनी गांव निवासी राहुल खरवार (45), राहुल सिंह (42) और चंदू (35) एक बाइक से सिकंदरपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर कटाराई के सामने पहुंचते ही उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलोरो से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राहुल खरवार और राहुल सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं चंदू को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
