मेल, पार्सल और इंटरनेशनल डाक के नेटवर्क को मजबूत करने की बड़ी पहल, अहमदाबाद से संभालेंगे नई जिम्मेदारी

अहमदाबाद (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। गुजरात में डाक सेवाओं को अधिक तेज, व्यवस्थित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भारतीय डाक सेवा के वर्ष 2001 बैच के वरिष्ठ अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने 1 नवंबर 2026 से गुजरात परिमंडल के नवसृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) का पदभार संभाल लिया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ गुजरात में मेल, पार्सल, अंतरराष्ट्रीय डाक और उनके परिवहन नेटवर्क को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। डाक व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर फोकस कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में गुजरात की रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस), फॉरेन पोस्ट ऑफिस (एफपीओ), मेल मोटर सर्विस (एमएमएस) और संबंधित परिवहन सेवाएं उनके प्रशासनिक नियंत्रण में रहेंगी। नवसृजित कार्यालय अहमदाबाद के शाहीबाग स्थित स्पीड पोस्ट भवन से संचालित होगा। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल की अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ यादव अब लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। समय पर डिलीवरी और बेहतर समन्वय प्राथमिकता पदभार ग्रहण करने के बाद यादव ने लॉजिस्टिक्स रीजन के अधिकारियों के साथ बैठक कर परिचालन व्यवस्था, नई जिम्मेदारियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने मेल और पार्सल के समयबद्ध प्रसंस्करण, परिवहन सेवाओं के बीच बेहतर तालमेल तथा डाक नेटवर्क के सुचारु संचालन को प्रमुख प्राथमिकताएं बताया। अधिकारियों को बदलती व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप कार्य करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देने के निर्देश दिए। डिजिटल कारोबार और ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते दौर में पार्सल तथा लॉजिस्टिक्स सेवाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। ऐसे में इस नई व्यवस्था से गुजरात में डाक परिवहन और वितरण प्रणाली के समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सूरत से शुरू हुआ सफर, कई शहरों में संभाली अहम जिम्मेदारी कृष्ण कुमार यादव ने 22 जुलाई 2003 को गुजरात के सूरत डाक मंडल में प्रवर अधीक्षक डाकघर के रूप में अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत की थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने सूरत, लखनऊ, कानपुर, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, प्रयागराज, जोधपुर और वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव से गुजरात में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को सुदृढ़ करने में मदद मिलने की अपेक्षा है। यादव को ‘ब्यूरोक्रेट्स ऑफ इंडिया’ की ओर से ‘टॉप 25 चेंजमेकर्स ऑफ 2025’ में भी शामिल किया गया था। अधिकारियों ने किया स्वागत पदभार ग्रहण करने के अवसर पर प्रवर रेलवे डाक अधीक्षक पीयूष रजक, सहायक निदेशक महेश हरन, डी.एच. तपस्वी सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कश्यप रॉय, रिजवान शेख, आर.टी. परमार, पराग वासनिक, एस.एन. घोरी, दक्षेश चौहान, वी.के. प्रजापति, मयंक मीना, योगेंद्र राठौड़ और फॉरेन पोस्ट ऑफिस की पोस्टमास्टर हेतलबेन भट्ट सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्वागत कार्यक्रम में भाग लिया।
