
अजीत कुमार पाण्डेय
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। भारतीय जनता पार्टी ने गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ जनसभा और पदयात्रा आयोजित कर अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया। एमपी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। जनसभा के बाद शीर्ष नेताओं की अगुवाई में पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद, सूर्य प्रताप शाही, विजय लक्ष्मी गौतम और दानिश आजाद अंसारी की मौजूदगी रही। वहीं राज्यसभा सांसद राधा मोहन अग्रवाल, सांसद रवि किशन और सांसद संगीता यादव समेत अन्य सांसदों एवं विधायकों ने भी सहभागिता की।जनसभा में महानगर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से कार्यक्रम स्थल पर खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने नारों और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। पूरे परिसर में भाजपा के झंडे और पार्टी समर्थकों की भीड़ नजर आई।जनसभा के समापन के बाद ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के उद्घोष के साथ पदयात्रा शुरू हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत वरिष्ठ नेताओं ने इसकी अगुवाई की। पदयात्रा में सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ कदम बढ़ाते हुए संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।भाजपा नेताओं ने इस आयोजन के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध का संदेश देने का प्रयास किया। गोरखपुर में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी को संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री दिलीप पटेल ने किया।
