बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय मंगलवार को शोक के चलते बंद रहा। विद्यालय में कक्षा चार के छात्र अरशद की करंट की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत के बाद शोक का माहौल है। इस घटना से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में दुख की लहर है। बताया जाता है कि विद्यालय परिसर में हुए हादसे में छात्र अरशद की जान चली गई थी। घटना के बाद से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक व्याप्त है। मासूम छात्र की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी (एसडीआई) गड़वार विशाल यादव ने बताया कि छात्र की मौत के बाद शोक के कारण मंगलवार को विद्यालय बंद रखा गया है। बुधवार से विद्यालय में नियमित रूप से पठन-पाठन शुरू हो जाएगा।
विद्यालय में हुई इस दुखद घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
