बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में संत रविदास मंदिरों के सुंदरीकरण और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार एवं विकास का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए शासन स्तर से कुल 1.30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत धनराशि कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) को अवमुक्त कर दी गई है। योजना के तहत चयनित प्रत्येक गांव में 10 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे।सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने बताया कि क्षेत्र में महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण और संत रविदास मंदिरों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से बांसडीह, बेल्थरा रोड और सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है।योजना के तहत बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के देवडीह, अहिरौली पांडेय, शाहपुर, महराजपुर और पिड़हरा गांव में संत रविदास मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। वहीं, बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के चरौवा और मोहम्मदपुर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं का सुंदरीकरण होगा, जबकि डिहवा गांव में संत रविदास मंदिर का विकास कराया जाएगा।इसी क्रम में सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के कठौड़ा, नरहनी, करमौता और जजौली गांव में अंबेडकर प्रतिमाओं का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके अलावा मझवलिया गांव स्थित संत रविदास मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने के साथ ही धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का विकास होगा। स्थानीय लोगों को इन कार्यों से बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
