विधायक जियाउद्दीन रिजवी बोले- हर गांव तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता
बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए 40 विकास कार्यों का एक साथ लोकार्पण किया गया। समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।इन विकास कार्यों में नवानगर ब्लॉक की 15, मनियर ब्लॉक की आठ और पंदह ब्लॉक की 17 परियोजनाएं शामिल हैं।इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रिजवी ने कहा कि उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की किरण पहुंचाना है। सीमित संसाधनों के कारण बड़ी परियोजनाओं को पूरा कराने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉलेज, खरौनी-दरौली पक्का पुल और सिकंदरपुर मंडी के निर्माण को लेकर अपनी चिंता जताई। साथ ही क्षेत्र में 100 शैय्या का अस्पताल और महिला अस्पताल स्थापित कराने की इच्छा भी जाहिर की।विधायक ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से गरीबों, किसानों, छात्रों और नौजवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी राजनीतिक बात रखी और सपा की सरकार बनने का दावा किया। कार्यक्रम में डॉ. मदन राय, रामजी यादव, भीष्म यादव, अनंत मिश्रा, वीर बहादुर वर्मा, हृदय यादव, गुरुजलाल राजभर, देव नारायण, बबलू सिंह, धनंजय सिंह, चंद्रबली राजभर, अतुलेश सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
