
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। खोराबार थाना क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 कुंतल पटाखों का भारी जखीरा बरामद किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने मौके से एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों की बरामदगी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार की रात खोराबार थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए छापेमारी की और विजय कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 67 कुंतल पटाखे बरामद किए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार जायसवाल पुत्र स्वर्गीय जगदीश नारायण जायसवाल, निवासी खोराबार, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बरामदगी की भारी मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पटाखे कहां से लाए गए थे, इनके भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति थी या नहीं और इन्हें कहां भेजने की तैयारी थी, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।पुलिस ने इस मामले में खोराबार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 533/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई उपनिरीक्षक कुसुमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में खोराबार थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने की। टीम में कांस्टेबल राजेश पाठक, सतीश कुमार, रिजर्व कांस्टेबल सतीश कुमार तथा एंटी थेफ्ट सेल के निरीक्षक सुनील कुमार राय, आरक्षी रमेश कुशवाहा राय, भूपेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र नाथ तिवारी, मिथिलेश बहादुर सिंह, आरक्षी अंकित कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इस कारोबार में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।
