अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता परखी, रनिंग कर्मचारियों से संवाद कर भोजन और विश्राम व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने अपने दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत छपरा कोचिंग डिपो, सिक लाइन, क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन की संरक्षा, अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता और कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने सिक लाइन के विभिन्न स्टोर रूम, मशीन रूम, ऑयल रूम, महिला एवं कर्मचारी विश्राम कक्ष तथा ईओटी क्रेनों की कार्यशीलता की जांच की। परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने स्टाफ कैंटीन के लिए अलग कक्ष तैयार कराने का निर्देश दिया।इसके बाद उन्होंने वाशिंग पिट संख्या-01 पर खड़ी ट्रेन संख्या 15083 के रेक का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान पहियों के व्यास, व्हील डिस्टेंस और ट्रेड वियर की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच की गई। साथ ही एसबीसी पैनल, पीएफएस वर्किंग मॉडल, ट्रबलशूटिंग और ब्रेक पावर टेस्टिंग की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। उन्होंने कर्मचारियों को ओएचई चार्जिंग एवं डिस्चार्जिंग से जुड़ी संरक्षा प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने और सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया।डीआरएम ने क्रू लॉबी और रनिंग रूम में क्रू मैनेजमेंट, विश्राम व्यवस्था तथा अन्य कर्मचारी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान लोको पायलटों और ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) से सीधे संवाद कर उनकी कार्य परिस्थितियों और खान-पान की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन के लिए कर्मचारियों का स्वस्थ रहना, उन्हें पर्याप्त विश्राम मिलना और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, कोचिंग डिपो अधिकारी अशोक कुमार, सहायक विद्युत इंजीनियर शिशिर श्रीवास्तव, सहायक मंडल इंजीनियर अरविन्द कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।