सीसोटार गांव से पुलिस ने लिया हिरासत में, वर्ष 2021 के पुराने मुकदमे से जुड़ रहे घटनाक्रम के तार

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। चितबड़ागांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार की रेलवे ट्रैक पर हुई मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार की देर रात सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सीसोटार गांव से एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच तेज हो गई है। पुलिस महिला की भूमिका और उपनिरीक्षक की मौत से पहले बनी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। मामला आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है।उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस घटनाक्रम की शुरुआत 27 अगस्त 2021 को दर्ज एक मुकदमे से हुई थी। उस समय सीसोटार गांव निवासी रोली पुत्री वीरेंद्र ने सिकंदरपुर निवासी अजीत जायसवाल पुत्र अमरनाथ जायसवाल के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 315 तथा एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(v) शामिल बताई गई थी। मामले की विवेचना तत्कालीन क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर कार्यालय में कार्यरत विमलेश यादव कर रहे थे।बताया जाता है कि विवेचना के दौरान महिला और विवेचक के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। बाद में विवाह को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके बाद 24 मार्च 2024 को महिला ने विमलेश यादव के खिलाफ दुष्कर्म का एक अन्य मुकदमा दर्ज कराया। बच्ची के जैविक पिता की पहचान के लिए डीएनए जांच कराए जाने की बात भी सामने आई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में विमलेश यादव को बच्ची का जैविक पिता बताया गया। इस मामले में विमलेश यादव वर्तमान में जेल में निरुद्ध बताए जा रहे हैं।इसी प्रकरण की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान महिला का संपर्क चितबड़ागांव थाने पर तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार से हुआ। बताया जा रहा है कि न्यायालय में आने-जाने के दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा। शुक्रवार की रात उपनिरीक्षक संदीप कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की।इसी जांच के क्रम में शनिवार की रात करीब 12:30 बजे सीसोटार गांव से महिला की गिरफ्तारी की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उपनिरीक्षक की मौत से पहले उनके और महिला के बीच क्या परिस्थितियां बनी थीं तथा क्या किसी प्रकार का दबाव या प्रताड़ना इस घटना से जुड़ी थी।पुराने मामलों की कड़ियां खंगाल रही पुलिसवर्ष 2021 में दर्ज मुकदमे, वर्ष 2024 में विवेचक के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और अब उपनिरीक्षक संदीप कुमार की मौत के बीच सामने आए घटनाक्रम ने मामले को कई पहलुओं से संवेदनशील बना दिया है। हालांकि, इन घटनाओं के बीच वास्तविक संबंध और महिला की कथित भूमिका की पुष्टि जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। मामले की वास्तविकता जांच पूरी होने और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।