घाटों से लेकर पोखरों और जलाशयों तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद गौरा बरहज की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सरयू नदी के प्रमुख घाटों सहित गौरा और तिवारीपुर वार्ड के विभिन्न घाटों, नगर क्षेत्र के पोखरों एवं जलाशयों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, आवागमन मार्ग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक कार्य समय से पूरा कर व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए।इस दौरान गौरा एवं तिवारीपुर वार्ड में पुल के नीचे से घाटों तक जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए मार्ग को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने का कार्य कराया जा रहा है। वहीं नगर के विभिन्न पोखरों और जलाशयों पर भी साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए घाटों और जलाशयों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।नगर पालिका परिषद गौरा बरहज द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नगर पालिका प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को अपनी प्राथमिकता में रखा है।
