
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर इंसान किसी भी चुनौती को पार कर सफलता की नई इबारत लिख सकता है। इस कहावत को महराजगंज जिले के बरगाह पुर ग्राम सभा के चेंतरा टोला निवासी अवधेश कुमार चौधरी ने चरितार्थ कर दिखाया है। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर (कार्डियोलॉजी) का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे जिले का गौरव बढ़ा है।उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर (कार्डियोलॉजी) के आठ पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। पांच नवंबर को हुए साक्षात्कार के बाद आयोग ने 13 नवंबर को सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की, जिसमें अवधेश कुमार चौधरी ने छठा स्थान हासिल किया।अवधेश की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उनका संबंध एक सामान्य किसान परिवार से है। उनके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद अवधेश ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। निरंतर अध्ययन, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाकर उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।गांव की मिट्टी से निकलकर दिल के मरीजों के उपचार और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सफलता के लिए बड़े शहरों और संसाधनों से अधिक जरूरी दृढ़ संकल्प, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण है।अवधेश के चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। देखते ही देखते यह उपलब्धि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गई। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर तथा फोन के माध्यम से बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अवधेश कुमार चौधरी की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे महराजगंज जिले को गौरवान्वित किया है। किसान परिवार के बेटे की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत और संघर्ष करने की नई प्रेरणा मिली है।
