
देवरिया(राष्ट्र की परम्परा) जनपद में आमजन की सुरक्षा और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर शनिवार को जिलेभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरती।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले महिला एवं पुरुष नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों को सम्मान, सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत देते हुए नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक करते हुए किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि आमजन के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना है।
पुलिस के अनुसार, ‘सुरक्षित सुबह, सशक्त नारी, सुरक्षित नागरिक—भयमुक्त देवरिया हमारी प्राथमिकता’ के संकल्प के साथ जनसंवाद, जागरूकता और चेकिंग का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
