चोरी के जेवर और तमंचा बरामद

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे खेत में दबोच लिया। तलाशी में तमंचा, कारतूस और चोरी के जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ लखनऊ में चोरी करने के बाद लौटने की बात बताई है।

थाना गढ़िया रंगीन पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की रात पुलिस टीम ग्राम पृथ्वीपुर से रामपुर की ओर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रामपुर अंडरपास की ओर से आ रहा बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल रोककर खेतों की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर 16 नवंबर की रात करीब 2:14 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के रामपुर अंडरपास से लगभग 100 मीटर पहले खेत से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के नगरिया कला निवासी सोहिल (22) पुत्र इस्लाम के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, 10 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सफेद धातु की दो करधनी, एक पायल, 12 जोड़ी बिछुए और दो कलाई घड़ियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मिली, जिसे पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी करने के उद्देश्य से घर से निकलता था। लखनऊ में किसी अज्ञात स्थान पर चोरी करने के बाद वह वापस लौट रहा था। घर पहुंचकर चोरी के सामान का बंटवारा करने की योजना थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 136/2026 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गढ़िया रंगीन के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल मिर्जा जुबेर बेग, कांस्टेबल अमीरुल हसन, निसार हुसैन और चालक कांस्टेबल अविनाश मिश्रा शामिल रहे।