दलित बस्ती में सड़क पर जमा नाली का गंदा पानी बना परेशानी का सबब, संक्रामक बीमारियों का खतरा

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बरहज तहसील क्षेत्र के खोरी गांव की दलित बस्ती में जलनिकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बरहज को ज्ञापन सौंपकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती की नालियों से निकलने वाले गंदे पानी की समुचित निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर पानी जमा हो रहा है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के चलते बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के दौरान अर्जुन सिंह ने कहा कि दलित बस्ती की इस गंभीर समस्या पर प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने एसडीएम से नालियों की सफाई कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।इस दौरान रीना, बबली, लालची, विनय कुमार, बेचू प्रसाद, हरेराम, विनोद, मन्नू, उर्मिला, ज्ञानी, कमलावती, श्रवण, पवन कुमार, मुकेश, पप्पू, पींकी और कन्हैया सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।