बरहज और कपरवार संगम घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, छठी मइया के गीतों से गूंजे नदी तट; सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को बरहज स्थित सरयू घाट पर हजारों व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा सामग्री, डाल, कलश और प्रसाद लेकर घाटों की ओर उमड़ पड़ी। एक सप्ताह से चल रही तैयारियां रविवार को आस्था के भव्य नजारे के साथ पूरी हुईं।व्रती महिलाएं सरयू घाट पर निर्धारित बेदियों पर पहुंचकर पूजा की तैयारियों में जुट गईं। इसके बाद हाथों में कलश और पूजन सामग्री लेकर नदी की पवित्र धारा में खड़ी हुईं और अस्त होते सूर्य की उपासना की। सूर्यास्त के समय श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की उन्नति, सुख-शांति और आरोग्य की प्रार्थना की। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्ति धुनों से पूरा घाट भक्तिमय बना रहा।उधर, कपरवार स्थित राप्ती नदी के संगम तट पर भी छठ पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नदी के दोनों किनारों पर देवरिया और गोरखपुर जनपद के गांवों से पहुंचीं व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। छठी मइया के गीतों से संगम तट गूंजता रहा। घाटों पर बच्चों में भी खासा उत्साह दिखा। उन्होंने पटाखे छोड़कर पर्व की खुशियां मनाईं। वहीं, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने घाट पहुंचकर व्रती महिलाओं को प्रणाम किया और उनका आशीर्वाद लिया।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए तहसील और नगर प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। कपरवार संगम तट पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीएम प्रवीण कुमार, तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया और थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय संभाले रहे। वहीं, नगर के मुख्य चौक पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया, जिससे घाटों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी रहे।सोमवार की भोर में व्रती महिलाएं पुनः घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही संतान की दीर्घायु, पति की लंबी उम्र और परिवार के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए पारण करेंगी और चार दिवसीय छठ व्रत का विधिवत समापन होगा।