
अभिलेखों की सुरक्षा से लेकर कर्मचारियों के बेहतर कार्य वातावरण तक की होगी व्यवस्था
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय को सुदृढ़, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्यालय का कायाकल्प कराया जाएगा, ताकि अभिलेखों की सुरक्षा के साथ कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में वायरिंग, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, खिड़कियों पर पर्दे लगाने सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के बैठने के लिए कक्ष को भी व्यवस्थित करने को कहा। इसके लिए अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर कार्य कराने की जिम्मेदारी सौंपी।जिलाधिकारी ने कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शौचालय और कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यालय महत्वपूर्ण कार्यालय है, जहां चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित और व्यवस्थित रखे जाने आवश्यक हैं। कार्यालय में बैठकों के आयोजन के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित कार्यालय से कर्मचारियों को अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता और मनोयोग से कर सकेंगे।इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
