
मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, खेलों के महत्व पर दिया जोर
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। एकेडमिक ग्लोबल स्कूल का वार्षिक खेलकूद समारोह प्रकाश स्टेडियम में उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुआ। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर गोरखपुर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर अमित उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर की गई। इसके बाद मशाल प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी। वहीं, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुत नृत्य और संगीत ने दर्शकों का मन मोह लिया।मुख्य अतिथि डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि अमित उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के चेयरमैन इंजीनियर संजीव कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। वार्षिक खेलकूद समारोह बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर मंच है।इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर राजेश कुमार, करियर काउंसलर पूर्णेंदु शुक्ला, जंगल धूसड़ शाखा के प्रधानाचार्य वीसी चाको तथा सिविल लाइंस शाखा के प्रधानाचार्य अफरोज खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंतर्गत विद्यालय की विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों के बीच अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
