महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर-2027) अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। अभियान के दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। 17 नवंबर को आलेख्य निर्वाचक नामावली प्रकाशित होने के साथ ही दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों पर सभी मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए वहां आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित होगी, जहां नागरिकों को आवेदन भरने और पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जाएगी।जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। अन्य दावे और आपत्तियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कराई जा सकेंगी।अभियान की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी स्वयं इसकी प्रगति पर नजर रखेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बूथ लेवल अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले नागरिकों से समय रहते पंजीकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले, इसके लिए सभी लोग पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा अभियान से संबंधित जानकारी के लिए नागरिक जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय या डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए दूरभाष नंबर 05523-222242 और टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 जारी की गई है।