हादसे के समय मकान में चल रहा था छत की सैटरिंग का काम, घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी

तरकुलवा (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम कौलाचक में गुरुवार को निर्माणाधीन मकान में सैटरिंग गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कौलाचक निवासी नवाजिस अली पुत्र अमजद अली के निर्माणाधीन मकान में सैटरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सैटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से नवाजिस अली के भाई नौशाद अली (42 वर्ष) गंभीर रूप से दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं, काम कर रहे दो मजदूर सुफियान (27 वर्ष) पुत्र वारिस अली निवासी कौलाचक तथा ओमप्रकाश प्रसाद (42 वर्ष) निवासी सोहनरिया घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।