
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। छोटी नदियों के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन की दिशा में प्रभावी पहल को लेकर बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में 19 एवं 20 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से छोटी नदियों के पुनरुद्धार की संभावनाओं और चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होगी।कार्यशाला का विषय ‘प्रकृति-आधारित समाधानों द्वारा छोटी नदियों का पुनरुद्धार’ निर्धारित किया गया है। इसका आयोजन स्कूल ऑफ अर्थ एंड एन्वायरनमेंटल साइंसेज के सभागार (एसईईएस हॉल) में होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल कार्यशाला के संरक्षक तथा प्रो. वेंकटेश दत्ता संयोजक हैं।कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक आर. के. मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों के प्रशासनिक अधिकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ और शिक्षाविद् अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे।प्रमुख वक्ताओं में बृजेन्द्र स्वरूप, विजय विश्वास पंत, योगेश कुमार, जोगिंदर सिंह, प्रो. सी. आर. बाबू, प्रो. फिलिप कुलेट, प्रो. प्रभात के. सिंह, डॉ. अवधेश प्रताप, आर. एस. सिन्हा, डॉ. ऋतेश कुमार, डॉ. सोमिल स्वर्णकार, डॉ. सुदिप्तो चटर्जी, डॉ. फैयाज अहमद खुदसर, सुरेश भाई, सुरेश बाबू, डॉ. सीताराम टैगोर और सुरेश एम.जी. शामिल हैं।कार्यशाला में विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं, अभियंताओं और क्षेत्र में सक्रिय लोगों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान छोटी नदियों के सामने मौजूद पर्यावरणीय चुनौतियों, उनके जल प्रवाह को बनाए रखने, पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पुनर्जीवन की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।कार्यशाला का उद्देश्य वैज्ञानिक तकनीकों और प्रकृति आधारित उपायों के जरिए छोटी नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।
