न्यायालय के आदेश पर बक्सर जिले के उमेदपुर गांव में हुई कार्रवाई, श्रीरामपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कराई कुर्की आदेश की तामील

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बड़ौदा यूपी बैंक की भवानीछापर शाखा से 1 करोड़ 73 लाख 50 हजार रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे तत्कालीन शाखा प्रबंधक के खिलाफ देवरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय से जारी धारा 83 सीआरपीसी के तहत कुर्की आदेश की तामील कराने के लिए थाना श्रीरामपुर पुलिस की टीम बिहार के बक्सर जिले पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से नियमानुसार कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित कुमार सिंह पुत्र अर्जुन कुमार सिंह उर्फ हरेराम सिंह, निवासी ग्राम उमेदपुर, थाना ब्रह्मपुर, जनपद बक्सर (बिहार), तत्कालीन शाखा प्रबंधक बड़ौदा यूपी बैंक, भवानीछापर शाखा के पद पर तैनात था। उस पर बैंक से 1,73,50,000 रुपये के गबन का आरोप है। इस मामले में 18 जून 2024 को थाना श्रीरामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 146/2024 के तहत धारा 409 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले में वांछित होने के बावजूद आरोपी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय ने उसके विरुद्ध धारा 83 सीआरपीसी के अंतर्गत कुर्की आदेश जारी किया था। इसी आदेश के अनुपालन में 12 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में श्रीरामपुर पुलिस की टीम बक्सर जिले के थाना ब्रह्मपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कुर्की आदेश की तामील कराई।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल कृपाल सिंह परिहार, वर्मा प्रजापति, कांस्टेबल विपिन कुमार यादव और सोनू शामिल रहे। कार्रवाई में थाना ब्रह्मपुर, जनपद बक्सर की पुलिस टीम ने भी सहयोग किया।पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को बैंक गबन के मामले में फरार आरोपी के विरुद्ध पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।