कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में संचालित राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षार्थियों की जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिताओं का बुधवार को खेल स्टेडियम, कुशीनगर में आयोजन के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।प्रशिक्षण निदेशालय के निदेशक से प्राप्त निर्देशों के क्रम में पहले सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई में संस्थान स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इसके बाद 4 नवंबर 2026 को जनपद स्तर पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकशी और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।खेल मैदान में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों का चयन जनपद स्तर पर किया गया है। चयनित खिलाड़ी आगामी मंडल स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर कुशीनगर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पडरौना आलोक कुमार मौर्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कसया के प्रधानाचार्य ए.पी. राय, अनुदेशक वी.एन. गुप्ता, मुकुल कुमार सहित जनपद के विभिन्न आईटीआई संस्थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।