मऊ(राष्ट्र की परम्परा)राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के निर्देशों के क्रम में जिला गंगा समिति, मऊ द्वारा गंगा उत्सव–2026 का दो दिवसीय भव्य आयोजन घाघरा नदी के रामघाट, दोहरीघाट एवं तमसा नदी के महादेव मंदिर, गायघाट पर किया गया। नदियों के संरक्षण, स्वच्छता, निर्मलता एवं अविरलता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस उत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
गंगा उत्सव घाघरा नदी के रामघाट दोहरीघाट पर भव्य भजन संध्या एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। भजन-कीर्तन एवं दीपदान के माध्यम से लोगों को नदियों के प्रति अपनी आस्था के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
गंगा उत्सव के दूसरे दिन तमसा नदी के तट पर स्थित महादेव मंदिर, गायघाट, मऊ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एस.बी. बाल विद्या मंदिर दोहरीघाट, सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज, तत्त्वबोध इंटर कॉलेज, लिटिल फ्लावर स्कूल, राजकीय पॉलिटेक्निक तथा डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज मऊ के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लोकगायिका मंजू चौहान और उनकी टीम के गीत चला चली गंगा महोत्स्व मना आयी- गंगा के स्वच्छ बना आयी आदि गीतों उपस्तिथ जन मानस का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती संगीता द्विवेदी जिला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, अरशद जमाल चेयरमैन नगर पालिका परिषद, मऊ तथा महात्मा मोहनदास महाराज द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त नदी तट, जल संरक्षण तथा नदियों की अविरलता का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
इसी क्रम में तमसा नदी के महादेव मंदिर, गायघाट पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया एवं प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग पी.के. पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
दीपोत्सव के पश्चात विधिवत गंगा आरती एवं तमसा नदी की महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता की। दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चार, आरती एवं भजन ने पूरे घाट को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने गंगा, तमसा एवं अन्य सभी नदियों को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने तथा नदियों में कचरा एवं प्लास्टिक न डालने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वन क्षेत्राधिकारी सर्व श्री ए. के. उपाध्याय, रवि प्रकाश सिंह, एस.पी. सिंह, दिवाकर यादव, नगर पालिका परिषद से अधिशाषी अधिकारी डॉ मणि भूषण तिवारी एवं सत्य प्रकाश यादव उपस्थित रहे साथ ही मऊ जनपद के महाविद्यालयों के प्रवक्ता डॉ. रमेश कुमार, डॉ. विशाल कुमार जायसवाल, डॉ.अवनींद्र कुमार पाण्डेय, अनूप कुमार यादव, यशवंत कुमार, आकंक्षा, श्रीमती वीणा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक एवं विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हेमंत कुमार यादव, जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, मऊ द्वारा किया गया।
गंगा उत्सव–2026 के माध्यम से जिला गंगा समिति, मऊ ने यह संदेश दिया कि नदियों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। गंगा एवं उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।