
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। पशुपालन विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने के लिए विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। जनपद में पशुओं की शत-प्रतिशत टैगिंग सुनिश्चित करने के साथ ही टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित सभी जानकारियां प्रतिदिन भारत पशुधन ऐप पर अपलोड करनी होंगी। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसी क्रम में बुधवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में पशुपालन विभाग की एक दिवसीय प्रचार-प्रसार योजनांतर्गत जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तथा भारत पशुधन ऐप पर डाटा फीडिंग की समीक्षा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में पशु चिकित्साधिकारी बरगदवा डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने भारत पशुधन ऐप पर टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान का विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं पशु चिकित्साधिकारी भिटौली डॉ. रिजवान अंसारी ने डाटा की शुद्धता और नियमित अपडेट पर जोर देते हुए नए पशुओं का विवरण भी ऐप पर दर्ज कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इससे विभाग को जनपद में उपलब्ध पशुधन का वास्तविक और अद्यतन आंकड़ा मिल सकेगा।उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, चिकित्सा स्वास्थ्य मुख्यालय डॉ. विनोद कुमार विश्वकर्मा ने एनडीएलएम योजना की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पशु टैगिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पशु की टैगिंग के साथ उसका पूरा विवरण रजिस्टर में भी सुरक्षित रखा जाए। विभागीय कार्यों की प्रगति और उपलब्धियों को प्रतिदिन भारत पशुधन ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य है।बैठक में गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों को विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभान्वित कराने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा फील्ड स्तर पर पशु मित्रों, मैत्री, पशुधन प्रसार अधिकारियों और वेटनरी फार्मासिस्ट को ऐप पर टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान का विवरण दर्ज करने में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया गया।इस अवसर पर राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण के आठवें चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार विभागीय कर्मियों को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नौतनवा डॉ. अशोक कुमार यादव, वेटनरी फार्मासिस्ट शिकारपुर मनोज कुमार, पशुधन प्रसार अधिकारी उस्का कपिल देव निषाद तथा पैरावेट अड्डा बाजार वीरेंद्र कुमार वर्मा शामिल रहे।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पशुधन की सुरक्षा, पशुरोगों की रोकथाम और पशुपालकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में प्रत्येक कर्मचारी की अहम भूमिका है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी तत्परता, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
