गणेश विसर्जन जुलूस में डीजे जब्ती पर बवाल, सांसद की गाड़ी पर पथराव
भीड़ ने वाहन को घेरा, शीशा टूटा; पुलिस ने सांसद को सुरक्षित बाहर निकाला

संतकबीरनगर (राष्ट्र की परम्परा)। बखिरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे वाहन को पुलिस द्वारा कब्जे में लिए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। अमरडोभा चौराहे के पास प्रदर्शन कर रही भीड़ ने वहां से गुजर रहे समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ की ओर से पथराव और तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहन का एक शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर सांसद को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे अमरडोभा चौराहे के पास हुई। कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकला जुलूस धोधया नहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत पर पुलिस ने डीजे वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
डीजे वाहन को थाने ले जाने की जानकारी मिलते ही जुलूस में शामिल लोगों में नाराजगी फैल गई। कुछ लोग अमरडोभा चौराहे के पास सड़क पर बैठकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। इसी बीच सांसद लक्ष्मीकांत निषाद का वाहन उसी रास्ते से गुजर रहा था।
प्रदर्शन कर रही भीड़ ने सांसद की गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि इसी दौरान वाहन पर पथराव किया गया, जिससे उसका एक शीशा टूट गया। अचानक हुए हंगामे के बीच पुलिसकर्मियों ने सांसद को भीड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सुशील कुमार सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई।