ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग
बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
ग्राम सभा महुई कुंवर की दलित बस्ती (पासवान टोला) को बरहज–सोनूघाट मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग लंबे समय से जर्जर और बदहाल पड़ा है। सड़क की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों एवं राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने जिलाधिकारी देवरिया और उपजिलाधिकारी बरहज को प्रार्थना पत्र देकर मार्ग का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर स्थायी निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग का कुछ हिस्सा टूटी इंटरलॉकिंग, कुछ हिस्सा जर्जर खड़ंजे और शेष हिस्सा कच्चा एवं ऊबड़-खाबड़ है। बारिश के दिनों में कीचड़, जलभराव और फिसलन के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे बच्चों को स्कूल जाने, मजदूरों को काम पर जाने तथा महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि “यह केवल सड़क का मामला नहीं, बल्कि दलित बस्ती के लोगों के सम्मान, सुरक्षित आवागमन और जीवन की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। यदि किसी गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हो जाए या किसी गंभीर मरीज को अस्पताल ले जाना पड़े और बदहाल सड़क के कारण एंबुलेंस बस्ती तक न पहुंच पाए, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?”
उन्होंने प्रशासन से मार्ग का राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत के अधिकारियों से संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराने, तकनीकी माप एवं जांच के आधार पर आगणन तैयार कराने तथा उचित सरकारी योजना से करीब एक किलोमीटर मार्ग का पक्के रूप में पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक अर्थ तभी है, जब गांव की सबसे कमजोर बस्ती तक उनकी सुविधा पहुंचे। दलित बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क वर्षों तक बदहाल रहना प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्थलीय निरीक्षण एवं निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।कार्यक्रम में श्रवन कुमार पटेल, अभय कुमार,प्रदीप पटेल, सचिन गोड़, लालसा पासवान, अयोध्या पासवान, पंकज पासवान, श्रीप्रकाश, मांगू प्रसाद, सूरज पासवान, दीपक पासवान, अभिषेक पासवान, रामछबिला गोड़, संजीव पासवानरानू पासवान,, इत्यादि