संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रभादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद के शारीरिक शिक्षा संकाय (बीपीएड) की छात्रा प्रियंका कुमारी ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु द्वारा आयोजित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
प्रियंका कुमारी की इस सफलता को महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की मेहनत तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया जा रहा है। स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्थान के अध्यक्ष विनय कुमार चतुर्वेदी, सचिव पुष्पा चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी सहित विभिन्न संकाय सदस्यों ने प्रियंका कुमारी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्रियंका की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से संस्थान का गौरव बढ़ा है तथा यह आने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
