बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा नेता विजय रावत ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के साथ “धोखा” करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए विजय रावत ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के नाम पर भाजपा केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल महिलाओं के वास्तविक सशक्तीकरण के बजाय उनके अधिकारों को कमजोर करने का माध्यम बन सकता है।
रावत ने कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, महंगाई, बेरोजगारी और अशिक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है। उनके अनुसार, महिला आरक्षण बिल में पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के हितों की अनदेखी की गई है, जिससे सामाजिक असंतुलन पैदा हो सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बिल की प्रक्रिया और आधार पर सवाल उठाना विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। रावत ने जनगणना आधारित आंकड़ों और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग करते हुए कहा कि बिना स्पष्ट आधार के लाया गया यह बिल प्रभावी नहीं होगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बिल में सुधार की मांग की। इस मौके पर अमित प्रधान, संजय सिंह, राहुल यादव, अजीत जोगी, विकास यादव, वीरेंद्र कुमार, रणविजय सिंह, दिनेश यादव, विक्की सिंह और महावीर गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।
