महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार देर रात पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश
बैठक में एसपी ने लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष मामलों और वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईजीआरएस और जनसुनवाई पर जोर
एसपी ने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस और जनसुनवाई से जुड़े मामलों की स्वयं जांच कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक परिणाम मिल सके।
महिला सुरक्षा और संवेदनशील मामलों की समीक्षा
बैठक में महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से जुड़े मामलों और अन्य संवेदनशील अपराधों की गहन समीक्षा की गई। सभी मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
ये भी पढ़े – डीडीयू विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाई
तकनीकी सिस्टम और अभियानों की समीक्षा
यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने अनावरण शेष अभियोगों के शीघ्र खुलासे, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और अपहृत व्यक्तियों की तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए।
रात्रि गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश
महिला सुरक्षा के तहत मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
संदिग्ध होटलों व प्रतिष्ठानों की जांच, आभूषण दुकानों की सुरक्षा, खराब सीसीटीवी कैमरों को तत्काल ठीक कराने और पुलिस चौकियों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे मौजूद
अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बैठक में उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – Deoria News: बरहज में महिला अध्यक्षों की क्षमता संवर्धन कार्यशाला, नेतृत्व और सुशासन पर जोर
