
जब अपनी गलतियों पर पर्दा डालकर, नाकामियों को समाजसेवा बताया जाने लगे…
✍️ संजय एम. तराणेकर
कवि, लेखक एवं समीक्षक
इन्दौर–452011, मध्य प्रदेश
📜 प्रस्तुत कविता
आत्मकथा लिखो तो, गलतियों का हिसाब लगाओ,
पकड़े जाने का डर हो, वहाँ क्षमा का पैबंद लगाओ।
थोड़ा त्याग-थोड़ा संघर्ष एवं संवेदना मिलाते जाओ,
अपनी हर नाकामी, समाज सेवा बतलाते जाओ।
बचपन की “गरीबी” लिखना, चाहे जेब में माल रहा,
साइकिल पंचर का किस्सा, जीवन का सवाल रहा।
फ्लैशबैक में जा लिखना, कैसे मुश्किल दिन गुजारे,
सत्तर-अस्सी के फिल्मी किस्से, क्यों संघर्ष में उतारे।
कॉलेज की यादें रंगीन, किस्सों में थोड़ी मिठास भरो,
इश्क हो या ना हुआ हो, बेवफाई को भी खास करो।
हर गलती का कारण ऐसा, जिसमें दर्शन निकल पड़े,
पाठक पढ़ सोच में पड़े, त्याग के संस्करण आन पड़े।
कुछ पन्नों पर आँसू रख देना, कुछ पन्नों पर मुस्कान,
अपनी तारीफ खुद ही करके, दूसरों से पाए सम्मान।
लेकिन इतना ध्यान रखना, सच कहीं झाँक न जाए,
आत्मकथा बाहर निकले, पुराना राज न खुल जाए।
कल तक जो मौन रहे थे, वे भी तो अपना पक्ष रखेंगे,
आपके लिखे किस्सों पे, संस्मरण अलग ही लिखेंगे।
आत्मकथा का संकट, लिखने वाला खुद भगवान बने,
पाठक “वाह-वाह” करता जाए, परिचित परेशान बनें!
💭 कविता का भावार्थ
आत्मकथा केवल जीवन की घटनाओं का संग्रह नहीं, बल्कि स्वयं के प्रति ईमानदारी की कसौटी भी है। जब आत्ममंथन की जगह आत्मप्रशंसा ले लेती है, गलतियों पर पर्दा डालकर नाकामियों को त्याग और संघर्ष का नाम दिया जाने लगता है, तब सच और कल्पना के बीच की रेखा धुंधली पड़ जाती है।
यह व्यंग्यात्मक कविता उन प्रवृत्तियों पर तीखा कटाक्ष करती है, जिनमें व्यक्ति अपनी छवि चमकाने के लिए अतीत को सुविधानुसार प्रस्तुत करता है। लेकिन अतीत के दूसरे गवाहों की यादें भी होती हैं। इसलिए आत्मकथा लिखने से अधिक कठिन है—अपने सच का सामना करना।
संदेश: आत्मकथा वही सार्थक है, जिसमें उपलब्धियों के साथ गलतियों को स्वीकार करने का साहस और स्वयं पर भी व्यंग्य करने की ईमानदारी हो।
