
जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और नदी प्रवाह बनाए रखने के वैज्ञानिक उपायों पर विशेषज्ञों ने रखे विचार
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में छोटी नदियों के पुनरुद्धार और प्रकृति-आधारित समाधानों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में नदी संरक्षण, जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव डॉ. राकेश पटेल (आईएएस) ने किया। मंच पर साइंस कार्टूनिस्ट एवं सीएसआईआर-सीडीआरआई के पूर्व प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के मिथिलेश कुमार मिश्रा, पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक प्रो. वेंकटेश दत्ता मौजूद रहे।
डॉ. राकेश पटेल ने कहा कि छोटी नदियां जल आपूर्ति के साथ भूजल पुनर्भरण, कृषि, जैव विविधता और स्थानीय पारिस्थितिकी को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके पुनरुद्धार के लिए वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का पुनर्स्थापन, नदी तटों का संरक्षण और जलग्रहण क्षेत्रों का वैज्ञानिक प्रबंधन जरूरी है। उन्होंने जल प्रवाह, भूजल स्तर और जल निकासी व्यवस्था के तकनीकी आकलन के आधार पर दीर्घकालिक समाधान विकसित करने पर जोर दिया।
डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने जल संरक्षण एवं नदियों के सामने भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए वैज्ञानिक प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। विज्ञान कार्टून और रचनात्मक माध्यमों से पर्यावरण संबंधी विषयों को सरल बनाकर बच्चों एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने वायु प्रदूषण और एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) के जरिए मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों का भी उल्लेख किया।
मिथिलेश कुमार मिश्रा ने छोटी नदियों के संरक्षण, जलग्रहण क्षेत्रों के प्रबंधन और वर्षा जल को संरक्षित कर प्राकृतिक प्रवाह बनाए रखने की जरूरत बताई। कार्यशाला संयोजक प्रो. वेंकटेश दत्ता ने कहा कि छोटी नदियां गंभीर संकट का सामना कर रही हैं और कई नदियों की पहचान अब नालों के रूप में होने लगी है। ऐसे में उनके जल प्रवाह और जल विज्ञान का गहन अध्ययन जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यशाला स्मारिका का विमोचन किया गया। इसके बाद ‘छोटी नदियों की नदी प्रणालियों को समझना एवं प्रकृति-आधारित समाधानों की भूमिका’ विषय पर सत्र हुआ। इसकी अध्यक्षता बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान के डॉ. चंद्र मोहन नौटियाल ने की, जबकि मिथिलेश कुमार मिश्रा सह-अध्यक्ष रहे। समूह चर्चा, पोस्टर प्रस्तुतीकरण और प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने विचार साझा किए। अंत में डॉ. राजेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यशाला में विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, जिला परियोजना अधिकारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और गैर शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे।
