तेलियान पोखरा के पास मिला निशु गुप्ता का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया; मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। पकड़ी थाना क्षेत्र के रतसी मेहमापुर गांव में सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से निकले 19 वर्षीय युवक का शव तेलियान पोखरा के पास एक पेड़ से लटका मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, रतसी मेहमापुर निवासी संदीप गुप्ता का 19 वर्षीय पुत्र निशु गुप्ता सोमवार 16 नवंबर की शाम करीब सात बजे घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच मंगलवार 17 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे तेलियान पोखरा के पास एक पेड़ से लटका उसका शव मिलने की सूचना मिली।घटना की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पकड़ी थाना प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।महज 19 वर्ष की उम्र में निशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।