Thursday, April 23, 2026
HomeUncategorizedअन्य खबरेचित्रकूट की जेल में मेल का खेल सुरक्षा कर्मी हुए फेल

चित्रकूट की जेल में मेल का खेल सुरक्षा कर्मी हुए फेल

अब्बास अंसारी के साथ जेल मे रोज घंटों समय बिताती थी पत्नी निकहत अंसारी

डीएम, एसपी ने जेल मे छापा मारकर रंगे हाथ किया गिरफ्तार

चित्रकूट (राष्ट्र की परम्परा) जिला कारागार चित्रकूट, रगौली में मनी लांड्रिंग केस में बंद विधायक अब्बास अंसारी की पत्नी, निकहत अंसारी का चोरी-छिपे पति से मुलाकात करने में चित्रकूट पुलिस को उस समय महंगा पड़ गया, जब शुक्रवार शाम जेल के अंदर से निकहत् अंसारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया । निकहत् की गिरफ़्तारी होते ही जेल प्रशासन के हाथ पाँव फूलने लगे। सूत्रों के अनुसार निकहत की डिप्टी जेलर के कमरे में विधायक से मुलाकात कराई जा रही थी।गिरफ़्तारी के बाद पुलिस ने तलाशी के दौरान निकहत् के पास से मोबाइल समेत अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया है।
इस मामले मे चौकी प्रभारी श्यामदेव सिंह ने जेल अधीक्षक, उप जेल अधीक्षक समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बांदा जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी का विधायक बेटा अब्बास अंसारी 18 नवंबर से जिला कारागार रगौली में बंद है। अब्बास अंसारी की पत्नी निकहत अंसारी कई दिन से लगातार पति से जेल पहुंचकर चोरी-छिपे मुलाकात कर रही थी, उनकी मुलाकात जेल के जिम्मेदार अधिकारी करा रहे थे। चौकी इंचार्ज के अनुसार उनको इसकी सूचना मिली थी कि, निकहत रोज तीन-चार घंटे जेल में रहती है। इसकी जानकारी उन्होंने उच्च अधिकारियों को दी। शुक्रवार दोपहर बाद डीएम और एसपी ने अचानक जेल पहुंच कर छापा मारा। वहां अब्बास अपने बैरक में नहीं मिला, जेल अधिकारियों ने भी उच्च आधिकारियों को गुमराह किया। अधिकारियों ने कड़ाई से पूछताछ की तो एक जेल कर्मी ने जेल अधीक्षक के कार्यालय के बगल का कमरा खोला जिसमें, अब्बास की पत्नी निकहत बानो मिल गयी, पता चला कि इस बीच जेल कर्मियों ने अब्बास को निकालकर चुपचाप उसकी बैरक में पहुंचा दिया था। मौके पर पहुंचे डीएम अभिषेक आनंद व एसपी बृंदा शुक्ला ने जिले की फोर्स जेल में बुला ली। हिरासत में लेकर निकहत से पूछताछ की गयी, तो उसने चौकाने वाले राज उगले। बताया कि उसके मोबाइल से अब्बास मुकदमों से जुड़े गवाहों, अभियोजन से जुड़े अधिकारियों को धमकाता है। जो उसकी बात नहीं मान रहे उनकी हत्या की योजना बना रहा है, इसके लिए अपने गुर्गों से भी बात करता है। इसके अलावा निकहत और ड्राइवर नियाज के साथ मिलकर अब्बास जेल से फरार होने की भी योजना बना रहा है। फोन करके लोगों को धमकाकर वसूली की बात भी पत्नी ने कबूली। पुलिस ने निकहत के पास से दो मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किया है। ड्राइवर नियाज को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। चौकी प्रभारी, जिला कारागार श्यामदेव सिंह ने विधायक अब्बास अंसारी, पत्नी निकहत अंसारी, चालक नियाज के अलावा जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर, उप कारागार अधीक्षक सुशील कुमार, जेल के सिपाही जगमोहन व ड्यूटी पर मौजूद जेल के अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments