
सिक्किम में भारी बारिश का कहर, रिम्बी गांव में भूस्खलन से कई घर तबाह
गंगटोक/पश्चिम सिक्किम (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पश्चिम सिक्किम के रिम्बी गांव में देर रात बड़ा भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसकने से मिट्टी, चट्टानों और मलबे का तेज बहाव गांव की ओर आ गया। इसकी चपेट में आने से कई घरों के क्षतिग्रस्त या नष्ट होने की सूचना है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
यह घटना युक्सोम-ताशीडिंग क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुई। भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से मलबे और कीचड़ का तेज बहाव नीचे की ओर आता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में दोबारा भूस्खलन और सड़क संपर्क प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
पहले भी प्रभावित हुआ था सड़क संपर्क
रिम्बी क्षेत्र में बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क प्रभावित होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हाल में रिम्बी को खेचियोपलरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आकर बह गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण तेज किया।
युक्सोम-ताशीडिंग क्षेत्र में सड़क और पुल मंत्री एनबी दहाल ने रिम्बी सहित विभिन्न क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य क्षति का आकलन करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर संभावित सुरक्षा जोखिमों की पहचान करना था।
मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश
सरकार की ओर से संबंधित अधिकारियों को रिम्बी में सड़क बहाली और मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को भी पुनर्बहाली की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा यात्रियों की परेशानी कम करने को कहा गया है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर निगरानी बनाए हुए है। स्थानीय लोगों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और जोखिम वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
