
एम्स जोधपुर में पीजी रेजिडेंट डॉक्टर की मौत, शौचालय में मिला शव; पुलिस को आत्महत्या का संदेह
जोधपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर में एनेस्थीसिया विभाग के पीजी प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर राज नीलेश यादव (31) मंगलवार को अस्पताल परिसर के शौचालय में मृत पाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बासनी थाना प्रभारी नितिन दवे के अनुसार, राज नीलेश यादव मंगलवार को ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब एक बजे वह अपने विश्राम कक्ष की ओर गए, लेकिन इसके बाद ड्यूटी पर वापस नहीं पहुंचे। काफी देर तक उनके नहीं लौटने पर सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की और मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया।
बताया गया कि शौचालय के भीतर से मोबाइल फोन की घंटी सुनाई दी। सहकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो डॉक्टर यादव फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े थे।
सहकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ सिरिंज मिली हैं, जिसके आधार पर प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस को मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
