Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedमधुबनी के महिनाथपुर बॉर्डर पर एसएसबी जवानों और उपद्रवियों में झड़प, एक...

मधुबनी के महिनाथपुर बॉर्डर पर एसएसबी जवानों और उपद्रवियों में झड़प, एक युवक घायल

मधुबनी (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत महिनाथपुर गांव के समीप भारत-नेपाल बॉर्डर स्थित सीता स्तंभ संख्या 276/5 चेकपोस्ट के पास बुधवार को एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) जवानों और कुछ स्थानीय उपद्रवियों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान उपद्रवियों ने जवानों से हथियार छीनने का प्रयास किया, जिससे हालात और भी तनावपूर्ण हो गए।

जानकारी के अनुसार, चेकपोस्ट पर तैनात एसएसबी के जवान सामान्य गश्ती पर थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग वहां पहुंचे और जवानों से उलझने लगे। देखते ही देखते स्थिति हाथ से बाहर हो गई और उपद्रवियों ने जवानों से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान हथियार छीनने की कोशिश की गई। आत्मरक्षा में जवानों ने फायरिंग की, जिसमें एक युवक को गोली लगने की सूचना है।

घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में की गई है। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल और एसएसबी की तैनाती कर दी गई है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रखी जा सके।

बासोपट्टी थानाध्यक्ष और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। एसएसबी अधिकारियों ने साफ किया है कि जवानों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता नहीं हुई है।

नेपाल सीमा पर बढ़ती हलचल और स्थानीय असंतोष की यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सीमाई इलाकों में सुरक्षा और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल कैसे सुनिश्चित किया जाए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments