बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा कस्बे में उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्टेट बैंक के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर एक युवक चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।बताया जाता है कि करीब सात घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाने की कोशिश के बाद क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने टावर पर चढ़े युवक से बातचीत कर उसे समझाया। क्षेत्राधिकारी के आश्वासन के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।युवक की पहचान रुपईडीहा के साकेत नगर निवासी चंदन पटेल के रूप में हुई।

नीचे उतरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में युवक ने थाना प्रभारी रुपईडीहा पर कथित रूप से प्रताड़ित करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। युवक का कहना था कि कथित दबाव और प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठाया।वहीं, थाना प्रभारी ने युवक के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा युवक को मोहरा बनाकर पुलिस को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी प्रकार के षड्यंत्र में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल युवक के टावर पर चढ़ने की घटना को लेकर कस्बे में चर्चाओं का दौर है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।