चार माह की बच्ची का हाथ टूटा, चालक ऑटो लेकर फरार; उरुवा थाना क्षेत्र में हादसे के बाद मची चीख-पुकार

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उरुवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे खड़े एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में दो वर्षीय बच्चे देवांश की मौत हो गई, जबकि चार माह की बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक ऑटो लेकर सिकरीगंज की ओर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।पिपरा पांडेय निवासी विनय पांडेय नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह दो दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। गुरुवार सुबह वह अपनी पत्नी श्वेता पांडेय को इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। परिवार के लोग घर के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर कार में बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उरुवा की ओर से तेज रफ्तार ऑटो आया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गया।हादसे के समय विनय का दो वर्षीय बेटा देवांश भी परिवार के साथ मौजूद था। उनकी बहन पुनीता अपनी चार माह की बेटी तृषा के साथ वहां थीं। ऑटो की चपेट में आने से तृषा के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इसी दौरान सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे अमोढ़ा निवासी श्रवण सिंह को भी ऑटो ने टक्कर मार दी।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो वर्षीय देवांश को मृत घोषित कर दिया। चार माह की तृषा का उपचार किया गया। उसके हाथ में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।सूचना मिलने पर उरुवा थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।परिजनों के मुताबिक विनय की पत्नी श्वेता का करीब डेढ़ माह पहले ऑपरेशन हुआ था। टांकों में परेशानी होने के कारण उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने की तैयारी थी। परिवार के लोग कार में बैठने के लिए सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार ऑटो अचानक उनकी ओर आ गया। परिजनों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।देवांश की मौत से परिवार में मातम पसरा है। दादी तारा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार देवांश के दादा सागर पांडेय और दादी तारा पांडेय रविवार को तीर्थ यात्रा पर जाने वाले थे। उनकी विदाई के लिए रिश्तेदार घर आए हुए थे। इसी वजह से विनय भी नोएडा से छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।पुलिस फरार ऑटो चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों, ऑटो की गति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।