
सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता में 24 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, तीन विजेता चयनित
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड नवाबगंज के बाबागंज स्थित कम्पोजिट विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। नवाबगंज न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए 24 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतिभागियों ने रंगों और अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से विकसित, शिक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक भारत की तस्वीर चार्ट पर उकेरी। बच्चों ने भारत के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी रचनात्मकता ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुपईडीहा नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके चित्रों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मनपुर सलारपुर के कक्षा आठ के छात्र शिवा साहू ने प्रथम, कम्पोजिट विद्यालय नवाबगंज की कक्षा आठ की छात्रा सायमा ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय बक्शीगांव के कक्षा आठ के छात्र रवि कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।मुख्य अतिथि ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में उपलब्धि है।खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 24 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। ब्लॉक स्तर पर तीन विजेताओं का चयन किया गया है। चयनित छात्र-छात्राएं दो अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर बहराइच के महाराज सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित फाइनल कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।इस अवसर पर अजय कुमार मिश्रा, विनोद गिरि, नवनीत कुमार प्रेमी, आनंद भूषण मिश्रा, अविराज सैनी, नीरज गुप्ता, अविनाश चंद, आनंद आर्य सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
